चक्रधरपुर प्रखंड की केरा पंचायत के चंद्रजारकी गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और अबुआ आवास योजना के तहत स्वीकृत घरों की प्रगति की जमीनी समीक्षा की गई। पश्चिमी सिंहभूम के जिला समन्वयक, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने गांव पहुंचकर कुल 36 आवासों का निरीक्षण किया और निर्माण की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण में सामने आया कि बड़ी संख्या में लाभुकों ने घर का निर्माण लिंटन स्तर तक पहुंचने के बाद काम रोक दिया है। कुछ लाभुक दोबारा निर्माण शुरू करने की तैयारी में भी मिले। जिला समन्वयक ने ऐसे सभी लाभुकों से निर्माण कार्य में तेजी लाने और तय समय के भीतर घर पूरा करने को कहा।
दूसरी किस्त मिलने के बाद भी रुका काम, तत्काल निर्माण शुरू करने का निर्देश
जांच के दौरान उन आवासों पर विशेष ध्यान दिया गया, जिनके लाभुकों को निर्माण की दूसरी किस्त मिल चुकी है, लेकिन इसके बावजूद लंबे समय से काम आगे नहीं बढ़ा है। अधिकारियों ने ऐसे लाभुकों को बिना विलंब निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।वित्तीय वर्ष 2021-22 में स्वीकृत लेकिन अब तक अधूरे पड़े आवासों की भी समीक्षा की गई। संबंधित लाभुकों से इन घरों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा गया, ताकि लंबे समय से लंबित आवासों का निर्माण पूरा हो सके।
पूर्ण आवासों के लाभुकों को गृह प्रवेश की तैयारी की सलाह
निरीक्षण के दौरान ऐसे लाभुकों से भी मुलाकात की गई, जिन्होंने अपने आवास का निर्माण पूरा कर लिया है। अधिकारियों ने उन्हें आगामी माह गृह प्रवेश की तैयारी करने के लिए प्रोत्साहित किया।क्षेत्र भ्रमण के साथ ग्रामीणों के साथ बैठक भी आयोजित की गई। इसमें अधूरे आवासों को जल्द पूरा कराने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा हुई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सामूहिक सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पात्र लाभुकों को निर्माण कार्य पूरा कराने में आवश्यक मदद दी जाए, ताकि सरकारी आवास योजनाओं का उद्देश्य समय पर पूरा हो सके।क्षेत्र भ्रमण के दौरान प्रखंड समन्वयक अमित कुमार समेत संबंधित विभागीय कर्मी मौजूद रहे।