राजधानी रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ की कोशिश का मामला सामने आया है। कोकदोरो स्थित जामुन गढ़ जंगल के समीप एक सुनसान रास्ते पर बाइक सवार युवक ने छात्रा को निशाना बनाने का प्रयास किया। हालांकि, छात्रा और उसकी सहेली ने साहस दिखाते हुए आरोपी का विरोध किया और शोर मचाना शुरू कर दिया। पकड़े जाने के डर से आरोपी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपनी सहेली के साथ स्कूल की छुट्टी के बाद घर जा रही थी। इसी दौरान जामुन गढ़ जंगल के पास एक मोटरसाइकिल सवार युवक उनका पीछा करने लगा। रास्ता सुनसान होने का फायदा उठाकर उसने छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया।
युवक की हरकतों को देखकर दोनों छात्राएं सतर्क हो गईं। उन्होंने डरकर चुप रहने के बजाय उसका विरोध किया और मदद के लिए जोर-जोर से आवाज लगाने लगीं। शोर सुनकर आसपास के लोगों के पहुंचने की आशंका के चलते आरोपी वहां से भाग निकला।

टेंट हाउस संचालक पर आरोप
मामले में आरोपी की पहचान स्थानीय स्तर पर टेंट हाउस चलाने वाले एक व्यक्ति के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान वह होंडा शाइन मोटरसाइकिल पर सवार था। छात्राओं के विरोध के बाद वह उसी बाइक से जंगल के रास्ते फरार हो गया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद कोकदोरो और आसपास के इलाकों में लोगों ने नाराजगी जताई है। स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
मामले की सूचना मिलते ही पिठोरिया थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस घटना में छात्रा और उसकी सहेली की सतर्कता से आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका। वहीं, पुलिस की कार्रवाई के बीच स्थानीय लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद कर रहे हैं।