रांची में गुरुवार को स्वर्णिम भारत एक्सपो-2026 की शुरुआत हुई। रांची क्लब लिमिटेड में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रदर्शनी का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

22 से 24 अक्टूबर तक चलने वाले इस एक्सपो में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विभिन्न सरकारी संस्थानों के कार्यों और देश में हो रही वैज्ञानिक व तकनीकी प्रगति को प्रदर्शित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को सरकारी पहलों और भारत के विकास से जुड़ी उपलब्धियों की जानकारी देना है।
प्रदर्शनी में स्वदेशी उत्पादन, आधुनिक तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में देश की प्रगति को प्रमुखता दी गई है। इसके जरिए ‘मेक इन इंडिया’ अभियान से लेकर वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजकों की पहल का केंद्र आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत की परिकल्पना को आम नागरिकों तक पहुंचाना है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में लोगों को देश की विकास यात्रा और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल की गई उपलब्धियों को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।






