फ्रांस दौरे से लौटे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को दिल्ली एयरपोर्ट पर तीन घंटे तक रोके जाने और 50 हजार रुपये का कस्टम शुल्क लगाए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने केंद्र सरकार पर पंजाब का अपमान करने का आरोप लगाया है।

AAP नेता बलतेज पन्नू ने ‘एक्स’ पर वीडियो जारी कर दावा किया कि मान पंजाब के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पेश करने के लिए अदालत के आदेश पर पेरिस गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पहुंचने पर मुख्यमंत्री को सामान की जांच के नाम पर रोका गया और बाद में जुर्माना लगाया गया। पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज ने भी केंद्र की भूमिका पर सवाल उठाए।
कस्टम जांच पर अलग-अलग दावे
कस्टम विभाग के सूत्रों के अनुसार, सामान की घोषणा में कथित गड़बड़ी के कारण 50 हजार रुपये का शुल्क लगाया गया। मुख्यमंत्री के साथ आए कर्मचारियों के सामान की भी जांच की गई।
वहीं, शिरोमणि अकाली दल के महासचिव बिक्रम सिंह मजीठिया ने दावा किया कि मान और उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर को निर्धारित सीमा से अधिक सामान या नकदी ले जाने के मामले में पूछताछ के लिए रोका गया था। इस घटनाक्रम को लेकर AAP और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।






