Thursday, October 8, 2026
Home » SIR के खिलाफ सड़क पर विपक्ष, राहुल-प्रियंका को पुलिस ने फिर हिरासत में लिया

SIR के खिलाफ सड़क पर विपक्ष, राहुल-प्रियंका को पुलिस ने फिर हिरासत में लिया

0 comments

नई दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन बुधवार को टकराव में बदल गया। जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। करीब दो घंटे बाद दोनों नेताओं को रिहा कर दिया गया। पिछले 24 घंटे में यह दूसरी बार था, जब राहुल और प्रियंका को हिरासत में लिया गया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दोपहर भोज के बाद इंडिया ब्लॉक के नेता बसों से जंतर-मंतर के लिए रवाना हुए थे। अशोक रोड पर शांग्री-ला होटल के पास पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया। प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने पर अड़े रहे, जिसके बाद पुलिस ने राहुल समेत कुछ नेताओं को टेंपो ट्रैवलर में बैठा दिया। राहुल को बाराखंभा थाने और प्रियंका गांधी को छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया।

इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस वाहन को घेर लिया और नारेबाजी शुरू कर दी। बाद में टॉलस्टॉय मार्ग पर वाहन का टायर पंक्चर हो गया। काफी देर तक चले गतिरोध के बाद पुलिस दोनों नेताओं को अलग-अलग स्थानों पर ले गई।

पुलिसकर्मियों को पानी पिलाते दिखे राहुल

हिरासत के दौरान राहुल गांधी का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह वाहन के भीतर से ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पानी देते नजर आए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि वे अपना काम कर रहे हैं और अंगूठा दिखाकर उनका हौसला बढ़ाया।राहुल ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और संविधान पर हमला हो रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगा और जनता के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी।

प्रियंका ने सड़क पर बैठकर जताया विरोध

पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोके जाने के दौरान प्रियंका गांधी और अन्य महिला सांसद सड़क पर बैठ गईं। प्रियंका ने पुलिस पर बल प्रयोग और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। उनके हाथ में संविधान की प्रति थी। उन्होंने कहा कि विपक्षी सांसदों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया जा रहा है, वह स्वीकार्य नहीं है।

खड़गे का ऐलान- मांगें पूरी होने तक आंदोलन

खड़गे के भोज में कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और वाम दलों के सांसद शामिल हुए। सपा, शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी (शरद पवार) की ओर से कोई प्रतिनिधि नहीं पहुंचा। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि बैठक का निर्णय देर रात हुआ था, इसलिए सभी दलों की मौजूदगी संभव नहीं हो सकी।

भोज के बाद खड़गे ने कहा कि विपक्षी गठबंधन चुनाव आयोग के खिलाफ अपना आंदोलन जारी रखेगा। विपक्ष की प्रमुख मांग मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा और SIR को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर कार्रवाई है।

SIR के मुद्दे पर विपक्ष पहले मुंबई में भी प्रदर्शन कर चुका है। दिल्ली में मंगलवार से शुरू हुआ विरोध अब सड़क पर सीधे टकराव का रूप ले चुका है। लगातार हो रही हिरासत और पुलिस कार्रवाई के बीच यह मुद्दा विपक्ष के लिए चुनावी प्रक्रिया और मतदाता अधिकारों को लेकर बड़े राजनीतिक अभियान का आधार बनता दिखाई दे रहा है।

You may also like

Leave a Comment