हजारीबाग शहर के खिरगांव स्थित नमस्कार चौक पर चादरपोशी के दौरान हुए विवाद के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि घटना में इस्तेमाल किया गया एक डीजे वाहन भी जब्त किया गया है। पुलिस ने 14 नामजद आरोपियों के अलावा 80 से 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

घटना 27 अक्टूबर की रात करीब 10:40 बजे की है। नमस्कार चौक के पास चादरपोशी के लिए गाजे-बाजे के साथ जा रहे लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो जल्द ही झड़प में बदल गया। घटना में आठ लोगों के घायल होने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलने पर बड़ा बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालने का प्रयास किया।
घरों में तोड़फोड़ और पथराव का आरोप
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घरों पर ईंट-पत्थर फेंकने, दरवाजे-खिड़कियां क्षतिग्रस्त करने और घरेलू सामान को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए। कुछ महिलाओं ने भी घरों में दहशत फैलने और संपत्ति को नुकसान पहुंचने की शिकायत की। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इन आरोपों की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
CO के आवेदन पर प्राथमिकी, इलाके में पुलिस तैनात
सदर अंचलाधिकारी के आवेदन के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में 14 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 80 से 100 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस आठ आरोपियों को जेल भेज चुकी है और डीजे वाहन जब्त कर लिया गया है। शेष आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी है।
घटना के बाद नमस्कार चौक और आसपास के इलाकों में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है। फिलहाल क्षेत्र में शांति है और पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है, ताकि दोबारा कोई विवाद न हो।






