Tuesday, October 6, 2026
Home » CM हेमन्त सोरेन से दुर्गा पूजा समितियों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, विसर्जन और सुरक्षा पर हुई अहम बात

CM हेमन्त सोरेन से दुर्गा पूजा समितियों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, विसर्जन और सुरक्षा पर हुई अहम बात

0 comments

रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति और विभिन्न शांति समितियों के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन की ओर से पूजा समितियों को मिल रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया और उन्हें सपरिवार पूजा पंडालों के भ्रमण का निमंत्रण दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर प्रशासन के साथ लगातार बैठकें हुई हैं। इन बैठकों में समितियों की समस्याओं का समाधान समय रहते किया गया है। मुख्यमंत्री को मां दुर्गा की प्रतिमा, चुनरी और गुलदस्ता भेंट कर पूजा उत्सव में शामिल होने का आग्रह किया गया। मुख्यमंत्री ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए पंडालों में जाकर माता के दर्शन करने की बात कही।

पर्यावरण-अनुकूल विसर्जन व्यवस्था पर जोरमुख्यमंत्री ने पूजा समितियों से प्रतिमा विसर्जन के दौरान पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखने को कहा। उन्होंने कहा कि विसर्जन के बाद तालाबों और अन्य जलाशयों पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए सरकार और पूजा समितियां मिलकर वैकल्पिक एवं पर्यावरण-अनुकूल व्यवस्था तैयार करें। इससे धार्मिक परंपरा के साथ जलस्रोतों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकेगी।

पंडालों में लगे नशामुक्ति के संदेश

हेमंत सोरेन ने पूजा पंडालों में नशामुक्ति जागरूकता से जुड़े बैनर और होर्डिंग लगाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ सामाजिक और धार्मिक संगठनों की भागीदारी भी जरूरी है। पूजा समितियों ने पंडालों में जागरूकता संदेश और घोषणाओं के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति सचेत करने का भरोसा दिया।

श्रद्धालुओं की सुविधा पर प्रशासन को निर्देश

मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा को सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का पर्व बताते हुए समितियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अधिकारियों को त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था, बिजली, पानी, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने का निर्देश दिया। पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा एवं सुविधा पर विशेष ध्यान देने को कहा।

मौके पर रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को दुर्गा पूजा को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियों की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल में रांची जिला एवं महानगर दुर्गा पूजा समिति तथा शांति समिति के कई पदाधिकारी और सदस्य शामिल थे।

You may also like

Leave a Comment