Wednesday, October 7, 2026
Home » चान्हो : ओवरटेक के चक्कर में बिगड़ा संतुलन, गड्ढे में पलटी स्कूल बस

चान्हो : ओवरटेक के चक्कर में बिगड़ा संतुलन, गड्ढे में पलटी स्कूल बस

by उर्वशी शेखर
0 comments

चान्हो थाना क्षेत्र के लेपसर में बुधवार सुबह एक स्कूल बस दुर्घटना का शिकार हो गई। आदित्य ईंट भट्ठा के पास बाल विकास स्कूल की बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गड्ढे में पलट गई। हादसे के वक्त बस में कोई छात्र मौजूद नहीं था, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।

बताया जा रहा है कि बस विद्यार्थियों को स्कूल लाने के लिए हर्रा गांव की तरफ जा रही थी। लेपसर के पास चालक ने आगे जा रहे ट्रैक्टर को पार करने की कोशिश की। इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। कुछ ही पलों में बस सड़क से नीचे गड्ढे में उतरकर पलट गई।

दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना चान्हो थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की स्थिति का जायजा लिया।

इसके बाद बस को गड्ढे से बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बस में बच्चों के सवार नहीं होने को ही इस हादसे में सबसे बड़ी राहत माना जा रहा है।

You may also like

Leave a Comment