तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले के नादेरगुल स्थित एमवीएसआर इंजीनियरिंग कॉलेज में शनिवार को डांडिया कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तेज हवाओं के बीच स्टेज की लाइटिंग के लिए लगाया गया भारी धातु का ढांचा गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य विद्यार्थी घायल हो गए।

हादसा कॉलेज के दो दिवसीय वार्षिक तकनीकी-सांस्कृतिक महोत्सव ‘समागम’ के समापन समारोह में हुआ। उस समय मंच पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं नृत्य कर रहे थे। मृत छात्रा इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग (EEE) की विद्यार्थी थी।
मुख्यमंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने छात्रा की मौत पर दुख जताते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, उन्होंने अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी के बीच कॉलेज परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया। आदिबाटला पुलिस क्षेत्र के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
परिजनों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
मृत छात्रा के चाचा सुरेश ने आरोप लगाया कि सुरक्षा में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि शाम करीब सात से आठ बजे के बीच उन्हें फोन पर दुर्घटना की जानकारी मिली थी। उनके मित्र अशोक ने बताया कि सजावट में इस्तेमाल किया जा रहा भारी खंभा छात्रा के सिर पर गिर गया था।
शुरुआत में परिवार को चोट मामूली होने की आशंका थी, लेकिन बाद में घटना की गंभीरता सामने आई। हादसे के बाद कॉलेज में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अब प्रशासन की जांच से दुर्घटना के कारणों और संभावित लापरवाही का पता चलने की उम्मीद है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट






