नवलशाही थाना क्षेत्र के लकराही तालाब के पास बंद पत्थर खदान से मिले शव के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। हत्या के आरोप में मृतक नरेश ठाकुर की पत्नी किरण देवी और उसके कथित प्रेमी सुनील ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, किरण और सुनील के बीच प्रेम संबंध था। आरोप है कि सुनील ने इलाज के बहाने नरेश को कोडरमा बुलाया और इंजेक्शन के जरिए जहर देकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को पीले प्लास्टिक के बोरे में बांधकर खदान में फेंक दिया।
आरोपियों ने मृतक का मोबाइल कुएं और पर्स तालाब में फेंक दिया था। पुलिस ने सुनील की निशानदेही पर मोटरसाइकिल, मोबाइल और पर्स बरामद कर लिया है।
मामले में नवलशाही थाना में कांड संख्या 69/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।






