Tuesday, October 6, 2026
Home » रांची में चोरों का आतंक! श्रृंगार दुकान का ताला तोड़कर कैश-सामान साफ, CCTV में कैद वारदात

रांची में चोरों का आतंक! श्रृंगार दुकान का ताला तोड़कर कैश-सामान साफ, CCTV में कैद वारदात

0 comments

रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में एक बार फिर चोरी की घटना ने कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। सेक्टर-1 में लाइट हाउस के सामने स्थित मतेश्वरी श्रृंगार दुकान को चोरों ने देर रात निशाना बनाया। दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे अपराधी काउंटर में रखी नकदी और कई कीमती श्रृंगार सामग्री लेकर फरार हो गए।

घटना का पता उस वक्त चला, जब दुकान संचालक सुबह प्रतिष्ठान खोलने पहुंचे। मुख्य शटर की स्थिति देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई। अंदर जाने पर दुकान का सामान अस्त-व्यस्त मिला और तिजोरी भी खाली पड़ी थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। फिलहाल दुकानदार चोरी से हुए कुल नुकसान का आकलन कर रहे हैं।

CCTV फुटेज में दिखी चोर की हरकत

चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज सामने आने के बाद दुकानदार ने इसे पुलिस को सौंपते हुए जगन्नाथपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज के जरिए संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि जगन्नाथपुर इलाके में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे दुकानदारों और स्थानीय लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

हालांकि, चोरी की घटनाओं के बीच रांची पुलिस ने हाल में इसी क्षेत्र से तीन कथित शातिर चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बावजूद ताजा वारदात ने इलाके में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

You may also like

Leave a Comment