बिहार के सीतामढ़ी में पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो सरकारी अधिकारी बनकर लोगों को ठग रहा था। कभी दरोगा तो कभी इंस्पेक्टर, कांस्टेबल और आबकारी अधिकारी का रूप धारण कर उसने तीन शादियां कीं और सरकारी गाड़ी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ लिए। आरोपी की पहचान हथौड़ी थाना क्षेत्र के भदई निवासी मोहम्मद निराले के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से फर्जी पहचान पत्र भी बरामद किया है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी चंदन महतो के नाम से बने पहचान पत्र का इस्तेमाल करता था, जिसमें पिता का नाम बबलू दर्ज है। इसी पहचान के आधार पर वह खुद को डायल-112 का पुलिसकर्मी बताकर लोगों पर प्रभाव जमाता था।
पुलिस अधिकारी बनकर रचाई शादी
उसके वैवाहिक फर्जीवाड़े का खुलासा सहियारा थाना क्षेत्र के हरकेश गांव की एक महिला की शिकायत के बाद हुआ। एफआईआर के मुताबिक, बचिया देवी और रामरती देवी एक युवक को लेकर महिला के घर पहुंचीं और उसे अपना रिश्तेदार बताते हुए पुलिस अधिकारी के रूप में परिचित कराया। युवक ने भी पहचान पत्र दिखाकर पुलिसकर्मी होने का दावा किया। उसके झांसे में आकर महिला ने अपनी 19 वर्षीय बेटी की शादी उससे कर दी। बाद में सच्चाई सामने आने पर परिवार को ठगी का पता चला।
सरकारी गाड़ी दिलाने के नाम पर 10.50 लाख की ठगी
आरोपी ने आबकारी अधिकारी बनकर सरोज महतो और राजू महतो को भी निशाना बनाया। दोनों को विभागीय गाड़ी दिलाने का भरोसा देकर उसने सरोज से 4.50 लाख और राजू से 6 लाख रुपये वसूल लिए। इस तरह कुल 10.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद निराले के खिलाफ अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद अब उसके अन्य फर्जीवाड़ों और ठगी से जुड़े मामलों की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट








