Table of Contents
मेडचल-मल्काजगिरी जिले में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के अपहरण और उसके साथ कई जगहों पर यौन हिंसा का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, छात्रा को नशीले पदार्थों का इस्तेमाल कर अपने कब्जे में लिया गया और करीब तीन दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर उसके साथ यौन शोषण किया गया। मामले में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस तक मामला तब पहुंचा, जब पीड़िता आरोपियों के कब्जे से निकलकर किसी तरह अपने घर पहुंची। इसके बाद परिवार की मदद से उसने मल्काजगिरी क्षेत्र के अलवल थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पहचान के लोगों पर भी लगाया शोषण का आरोप
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीड़िता 11वीं कक्षा की छात्रा है और दसवीं में पढ़ाई के दौरान जे. वरुण के संपर्क में आई थी। जांच के मुताबिक, कुछ समय पहले वरुण ने उसे नशीला पदार्थ मिली चॉकलेट खिलाकर कार में उसके साथ यौन शोषण किया था। इसके बाद उसने पीड़िता की पहचान एक अन्य युवक रोमला से कराई। आरोप है कि रोमला ने उसे सिगरेट, शराब और गांजे की ओर धकेला और बाद में उसका यौन शोषण किया।

जांच में यह भी सामने आया कि पीड़िता सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए डेविड वरुण के संपर्क में आई थी। पुलिस के मुताबिक, उस आरोपी ने भी उसे शराब दी और उसके साथ यौन हिंसा की।
9 सितंबर को घर से निकलने के बाद बढ़ी मुश्किलें
छात्रा के व्यवहार में बदलाव को लेकर उसके पिता ने 9 सितंबर को उसे डांटा था। इसके बाद वह घर छोड़कर बोलाराम रेलवे स्टेशन पहुंच गई। वहां उसकी मुलाकात नीरज नाम के व्यक्ति से हुई। आरोप है कि नीरज ने अपने साथी विक्की को वहां बुलाया और दोनों ने छात्रा को नशीली चीज खिलाकर उसके साथ यौन शोषण किया।
इसके बाद विक्की और निखिल उसे दुल्लापल्ली स्थित एक कमरे में ले गए। पुलिस के मुताबिक, वहां विक्की और निखिल के अलावा दो अन्य लोगों ने भी उसके साथ सामूहिक यौन हिंसा की।
घर में बंधक बनाया, स्टेशन से दोबारा उठाया
पुलिस के अनुसार, उसी रात विक्की पीड़िता को बोलाराम स्थित अपने घर ले गया और उसे वहां रोककर रखा। अगले दिन छात्रा किसी तरह वहां से निकलने में सफल हुई और बोलाराम रेलवे स्टेशन पहुंची। हालांकि, आरोपियों ने उसका पीछा करना जारी रखा।
बताया गया है कि विक्की अपने साथी गणेश के साथ स्टेशन पहुंचा और छात्रा को जबरन नशीला पदार्थ सुंघाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद उसे मेडचल रेलवे स्टेशन ले जाया गया और फिर मल्काजगिरी की ओर ले जाते समय ट्रेन में भी उसके साथ यौन शोषण किया गया।

मल्काजगिरी पहुंचने के बाद आरोपी छात्रा को ऑटो रिक्शा से ले जा रहे थे। इसी दौरान उसे भागने का मौका मिला और वह किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंच गई।
होटल प्रबंधन पर भी कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उस ओयो होटल के प्रबंधक और मालिक को भी गिरफ्तार किया, जहां नाबालिग को ठहराया गया था। आरोप है कि होटल प्रबंधन ने उसकी उम्र और पहचान की पर्याप्त जांच किए बिना उसे कमरा उपलब्ध कराया था।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मामले में शामिल अन्य पहलुओं और घटनाओं की कड़ियों की जांच कर रही है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट