चिकित्सा जगत में तेलंगाना से एक बेहद दुर्लभ मामला सामने आया है। यहां 17 वर्षीय एक युवक के शरीर में सर्जरी के दौरान गर्भाशय की मौजूदगी का पता चला। युवक लंबे समय से पेट में दर्द और अंडकोष के दाहिने हिस्से में सूजन से परेशान था। जांच के बाद उसे विकाराबाद जिले के परिगी स्थित चथराजी मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

शुरुआती जांच में चिकित्सकों को हर्निया या पेट के भीतर किसी असामान्य गांठ की आशंका थी। इसी आधार पर ऑपरेशन का फैसला लिया गया। हालांकि, सर्जरी और बायोप्सी के बाद जो तथ्य सामने आया, उसने डॉक्टरों को भी चौंका दिया। युवक के पेट में गर्भाशय मौजूद था। चिकित्सकीय जांच में इसकी वजह एक दुर्लभ जन्मजात विकार बताई गई, जिसे परसिस्टेंट मुलेरियन डक्ट सिंड्रोम (PMDS) कहा जाता है।
क्या है PMDS और क्यों होती है यह स्थिति?
PMDS एक दुर्लभ आनुवंशिक विकार है, जिसमें व्यक्ति का बाहरी शारीरिक विकास सामान्य पुरुषों जैसा होता है, लेकिन शरीर के भीतर महिला प्रजनन तंत्र के कुछ अंग विकसित होकर मौजूद रह जाते हैं। भ्रूण के विकास के दौरान मुलेरियन डक्ट सामान्य रूप से नष्ट नहीं हो पाती, जिसके कारण गर्भाशय और कभी-कभी फैलोपियन ट्यूब जैसी संरचनाएं शरीर के अंदर बनी रह जाती हैं।
सफल ऑपरेशन के बाद युवक की हालत स्थिर
डॉक्टरों ने सर्जरी के जरिए युवक के शरीर से गर्भाशय को निकाल दिया है। ऑपरेशन के बाद उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।
परिवार के अनुसार, युवक को 10 वर्ष की उम्र में भी एक सर्जरी से गुजरना पड़ा था। उस समय उसके अंडकोष सामान्य रूप से नीचे नहीं उतरे थे। चिकित्सकीय दृष्टि से यह समस्या भी PMDS से जुड़ी हो सकती है।PMDS के मामले दुनिया भर में बेहद कम सामने आए हैं। इस घटना ने एक बार फिर मानव शरीर के विकास से जुड़ी जटिलताओं और चिकित्सा विज्ञान के सामने आने वाली असामान्य चुनौतियों को चर्चा में ला दिया है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट








