तेलंगाना के सिकंदराबाद में चार प्रमुख सार्वजनिक सड़कों का दर्जा बदलने के छावनी बोर्ड के फैसले ने विवाद खड़ा कर दिया है। बोर्ड ने शुक्रवार को इन सड़कों को नागरिक उपयोग वाली ‘क्लास सी’ श्रेणी से सैन्य नियंत्रण वाली ‘क्लास ए1’ श्रेणी में शामिल करने का प्रस्ताव पारित किया। इसके बाद उत्तर-पूर्वी सिकंदराबाद की कई कॉलोनियों के निवासियों ने फैसले के खिलाफ विरोध की तैयारी शुरू कर दी है।

प्रस्ताव के दायरे में रिचर्डसन रोड (ऊनी कृष्णन मार्ग), प्रोटनी रोड, बार रोड (कौकूर आर्मी रोड) और राजेंद्र सिंह रोड शामिल हैं। फेडरेशन ऑफ नॉर्थ ईस्टर्न कॉलोनीज ऑफ सिकंदराबाद (FNECS) ने इस कदम पर आपत्ति जताई है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि सैन्य प्राधिकरण के नियंत्रण में जाने के बाद इन सड़कों पर आवाजाही सीमित की जा सकती है या इन्हें बंद भी किया जा सकता है।
FNECS के सचिव सीएस चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि प्रभावित कॉलोनियों के निवासियों से बातचीत किए बिना यह निर्णय लिया गया है। संगठन के मुताबिक, छावनी भूमि प्रशासन नियमों के तहत सड़कों और भूमि की श्रेणी में बदलाव का अधिकार केंद्र सरकार के पास है। ऐसे में स्थानीय बोर्ड के स्तर पर प्रस्ताव पारित किए जाने की वैधता पर भी सवाल उठाए गए हैं।
हजारों लोगों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बोलाराम और आसपास के इलाकों में पहले से ही कई सड़कें बंद हैं। इसके कारण यापराल, सैनिकपुरी और बोलाराम के लोगों को रोजाना लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। चार और प्रमुख सड़कों के सैन्य नियंत्रण में जाने से यातायात संबंधी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
छावनी बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरविंद कुमार द्विवेदी के अनुसार, बोर्ड से पारित प्रस्ताव को आगे विचार और मंजूरी के लिए तेलंगाना-आंध्र सब एरिया के पास भेजा जाएगा। फिलहाल प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय होना बाकी है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट








