केंद्र सरकार महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन विधेयक को संसद से पारित कराने की तैयारी कर रही है। इसके लिए संविधान संशोधन के तहत जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश जारी है। कुछ विपक्षी दलों से भी समर्थन को लेकर सकारात्मक बातचीत की खबरों के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने परिसीमन के संभावित चुनावी असर पर सवाल उठाए हैं।

दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक उदाहरण साझा करते हुए दावा किया कि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने से बीजेपी को बिना अतिरिक्त वोट मिले भी सीटों का फायदा हो सकता है।
1000 मतदाताओं से समझाया गणित
दीपके के मुताबिक, किसी निर्वाचन क्षेत्र में 1000 मतदाता हैं। इनमें बीजेपी को 400 और विपक्ष को 600 वोट मिलते हैं, जिससे विपक्ष जीत जाता है। अब परिसीमन के बाद इस क्षेत्र को 500-500 मतदाताओं वाले दो हिस्सों में बांट दिया जाता है।
पहले क्षेत्र में बीजेपी को 260 और विपक्ष को 240 वोट मिलते हैं, जबकि दूसरे में बीजेपी को 140 और विपक्ष को 360 वोट हासिल होते हैं। इस तरह पहले चुनाव क्षेत्र में बीजेपी और दूसरे में विपक्ष जीत जाता है। यानी पहले जहां विपक्ष के पास एक सीट थी, वहीं नई सीमाओं के बाद दोनों दलों को एक-एक सीट मिल जाती है।
दीपके का तर्क है कि मतदाताओं की संख्या और उनकी पसंद में बदलाव किए बिना केवल निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने से चुनावी नतीजे प्रभावित हो सकते हैं। इससे बीजेपी को उन क्षेत्रों में भी सीट मिल सकती है, जहां मौजूदा व्यवस्था में उसे जीत हासिल नहीं होती। उन्होंने विपक्षी दलों से विधेयक का समर्थन करने से पहले इसके संभावित राजनीतिक प्रभावों पर विचार करने की अपील की है।
कई क्षेत्रीय दलों का समर्थन
इस बीच परिसीमन विधेयक को लेकर विभिन्न दलों के रुख भी सामने आ रहे हैं। एनसीपी-एसपी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले शनिवार को होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होंगी। पार्टी नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा है कि उनकी पार्टी परिसीमन का समर्थन करेगी। वहीं, बीजेडी और वाईएसआर कांग्रेस ने भी विधेयक के पक्ष में समर्थन जताया है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट








