झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए 4 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) की पांचवीं बैठक आयोजित की जाएगी। सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होने वाली इस बैठक में उन मतदाताओं के मामलों पर चर्चा की जाएगी, जो इन्युमरेशन फॉर्म जमा करने के बावजूद सुनवाई के दौरान जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सोमवार को निर्वाचन सदन में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुनवाई के लिए दो बार नोटिस जारी किए जाने और घर-घर जाकर दस्तावेज जुटाने के प्रयासों के बाद भी जिन मतदाताओं के आवश्यक कागजात नहीं मिल पाए हैं, उनके मामलों की समीक्षा में राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
दस्तावेजों के लिए मतदाताओं को किया जाएगा मार्गदर्शन
के. रवि कुमार के अनुसार, बैठक का मकसद BLO और BLA-2 के बीच बेहतर तालमेल बनाकर संबंधित मतदाताओं तक पहुंचना है। उन्हें जरूरी दस्तावेजों की जानकारी देने और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामलों के नियमानुसार निपटारे में सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक मामले की जांच और सुनवाई निर्धारित नियमों के तहत ही होगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि पुनरीक्षण की प्रक्रिया में इस बात का ध्यान रखा जा रहा है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए। साथ ही, किसी अपात्र या विदेशी व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं हो, इसके लिए भी जरूरी सतर्कता बरती जाएगी।
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा फॉर्म-6 से करें आवेदन
बैठक में राजनीतिक दलों से अपील की गई कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों को 4 नवंबर की बैठक में सक्रिय रूप से शामिल होने के लिए निर्देशित करें। के. रवि कुमार ने कहा कि मतदाता सूची को अधिक सटीक और समावेशी बनाने में राजनीतिक दलों का सहयोग महत्वपूर्ण है।
उन्होंने यह भी बताया कि जिन पात्र भारतीय नागरिकों की उम्र 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, लेकिन अब तक उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है, वे नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने पात्र युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने में राजनीतिक दलों से सहयोग मांगा।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार और विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।





