गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र के निमाटांड़ गांव के पास रविवार रात करीब आठ बजे हुए सड़क हादसे में वैगनआर कार चालक महेश यादव की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक कार को करीब छह किलोमीटर तक घसीटकर ले गया और मंझिलाडीह गांव के पास वाहन छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, कार में सवार तीनों लोग सरिया थाना क्षेत्र के केशवारी से धनवार प्रखंड स्थित अपने गांव गोरहंद लौट रहे थे। इसी दौरान निमाटांड़ के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। टक्कर के बाद कार ट्रेलर में बुरी तरह फंस गई। इसके बावजूद ट्रेलर चालक वाहन रोकने के बजाय उसे घसीटते हुए बिरनी थाना क्षेत्र के मंझिलाडीह तक ले गया।
हथौड़े से तोड़कर निकाले गए कार सवार
घटना की सूचना मिलते ही बिरनी थाना प्रभारी आकाश सिंह भारद्वाज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कार ट्रेलर में इस कदर फंसी थी कि उसमें सवार लोगों को निकालने के लिए हथौड़े से कार को तोड़ना पड़ा। हालांकि, तब तक महेश यादव की मौत हो चुकी थी।
हादसे में घायल भुवनेश्वर यादव और बंशी यादव को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बगोदर ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।





