Table of Contents
झारखंड के प्रमुख लोकपर्व कर्मा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। राजधानी के संवेदनशील इलाकों, प्रमुख मार्गों और पूजा स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन का फोकस भीड़ प्रबंधन के साथ-साथ किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते नियंत्रित करने पर है।
शहर के सभी थाना क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार 10 से 15 अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर भी अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है, जबकि वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं क्षेत्र में मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
CCTV से निगरानी, सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे जवान
पर्व के दौरान रांची पुलिस कंट्रोल रूम को विशेष रूप से सक्रिय रखा गया है। प्रमुख चौक-चौराहों, पूजा स्थलों और भीड़ वाले क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है।
इसके अलावा भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इनकी जिम्मेदारी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने की होगी।

सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर
कर्मा पूजा के दौरान अफवाह या भ्रामक सूचना के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिशों को रोकने के लिए रांची पुलिस का तकनीकी सेल भी सक्रिय रहेगा। फेसबुक, WhatsApp, Instagram और X समेत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रखी जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की आपत्तिजनक, भड़काऊ या गलत जानकारी फैलाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि किसी पोस्ट या संदेश की सत्यता की पुष्टि किए बिना उसे आगे शेयर या फॉरवर्ड न करें।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को दें सूचना
रांची पुलिस ने लोगों से कर्मा पूजा को पारंपरिक उत्साह और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और अफवाहों से दूर रहने को कहा गया है।
पुलिस के मुताबिक, किसी व्यक्ति को संदिग्ध गतिविधि, वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे अथवा सोशल मीडिया पर कोई आपत्तिजनक सामग्री या अफवाह नजर आए, तो इसकी जानकारी तत्काल रांची पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाना को दी जानी चाहिए। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।