CCL क्षेत्र बनियाडीह में शनिवार देर रात CCL अस्पताल परिसर के पास अचानक जमीन धंसने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद आसपास रहने वाले लोगों में दहशत है। सुरक्षा के मद्देनजर CCL प्रबंधन ने संवेदनशील माने जा रहे कुछ क्वार्टरों को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बनियाडीह क्षेत्र में लंबे समय से भूमिगत खनन गतिविधियां होती रही हैं। ऐसे में भू-धंसान की घटना ने रिहायशी इलाकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लोगों को आशंका है कि जमीन धंसने का दायरा आगे न बढ़ जाए।
स्थानीय लोगों ने प्रभावित स्थल की तकनीकी जांच कराने और आसपास के आवासीय क्षेत्रों की सुरक्षा का आकलन करने की मांग की है। फिलहाल भू-धंसान के कारण और प्रभावित क्षेत्र की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। CCL प्रबंधन और प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।