मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता के श्राद्धकर्म के मद्देनजर रामगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। 18 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्यभर से पुलिस अधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई है। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।

निर्देश के मुताबिक, प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मी और अधिकारी 15 अक्टूबर की दोपहर बाद से 19 अक्टूबर की सुबह तक रामगढ़ में ड्यूटी करेंगे। कार्यक्रम के बाद रामगढ़ के एसपी को यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है कि सभी कर्मी 19 अक्टूबर की दोपहर तक अपनी मूल इकाई, वाहिनी या निर्धारित तैनाती स्थल पर लौट जाएं।
राज्यभर से बुलाए गए पुलिस बल
सुरक्षा व्यवस्था के लिए रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, पलामू, दुमका, देवघर समेत झारखंड के सभी प्रमुख जिलों से पुलिस बल भेजे जा रहे हैं। इसके अलावा विशेष शाखा, आईटीएस, जैप प्रशिक्षण केंद्र पदमा, सीटीसी मुसाबनी, आतंकवाद निरोधी दस्ता और जंगल वारफेयर स्कूल नेतरहाट से भी अधिकारी व जवान तैनात किए जाएंगे।
पुलिस मुख्यालय ने संबंधित जिलों के एसएसपी और एसपी को निर्देश दिया है कि वे रामगढ़ एसपी के साथ समन्वय बनाकर निर्धारित समय पर पुलिसकर्मियों को रवाना करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी न रहे।






