Thursday, October 8, 2026
Home » ACB के हत्थे चढ़ा साइबर थाना का SI, केस डायरी कोर्ट भेजने के नाम पर मांगे थे 2 लाख

ACB के हत्थे चढ़ा साइबर थाना का SI, केस डायरी कोर्ट भेजने के नाम पर मांगे थे 2 लाख

by उर्वशी शेखर
0 comments

गिरिडीह साइबर थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर पुनीत कृष्ण गौतम को रिश्वत लेने के आरोप में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारी को कथित तौर पर 30 हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।

मामला एक केस की डायरी अदालत भेजने से जुड़ा है। शिकायतकर्ता जीवलाल महतो ने ACB से संपर्क कर आरोप लगाया था कि संबंधित केस की डायरी कोर्ट भेजने के एवज में SI ने उनसे 2 लाख रुपये की मांग की। शिकायत के बाद ACB ने आरोपों का सत्यापन कराया और इसके बाद ट्रैप की कार्रवाई की।

बताया गया कि जीवलाल महतो के छोटे बेटे को पहले एक मामले में जेल भेजा गया था। इसी प्रकरण की केस डायरी अदालत भेजने को लेकर कथित रूप से रिश्वत की मांग की गई थी। तय सौदे के तहत जब 30 हजार रुपये की रकम दी जा रही थी, तभी ACB की टीम ने कार्रवाई करते हुए SI को गिरफ्तार कर लिया।

पुनीत कृष्ण गौतम 2018 बैच के सब इंस्पेक्टर बताए जा रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम उनसे पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

You may also like

Leave a Comment