रांची के अशोकनगर में एक पूर्व नौकरशाह की कथित करोड़ों रुपये की संपत्ति को लेकर झारखंड में राजनीतिक सवाल उठने लगे हैं। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
मरांडी ने सोशल मीडिया पर किए पोस्ट में दावा किया कि विवादों में रहे एक पूर्व अधिकारी ने अशोकनगर में करीब साढ़े सात करोड़ रुपये के भूखंड और मकान का सौदा किया है। उन्होंने कहा कि अधिकारी के पास रांची में पहले से भी जमीन और मकान होने की चर्चा है, ऐसे में नई संपत्ति की खरीद के लिए इस्तेमाल धन के स्रोत की जांच जरूरी है।
JSSC नियुक्ति मामले से भी जोड़कर जांच की मांग
भाजपा नेता ने जांच का दायरा JSSC नियुक्ति घोटाले से जुड़े संभावित लेन-देन तक बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी संपत्ति खरीदने के लिए रकम कहां से आई और क्या उसका कोई संबंध JSSC मामले से है।

मरांडी का कहना है कि यदि संपत्ति वैध आय से अर्जित धन से खरीदी गई है तो उसके स्रोत और लेन-देन का पूरा विवरण जांच में सामने आना चाहिए।
महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति को लेकर भी निशाना
नेता प्रतिपक्ष ने पूर्व की सरकारों पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि विवादों में रहने के बावजूद संबंधित अधिकारी को अलग-अलग महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाती रहीं। उन्होंने कहा कि किसी अधिकारी की पदस्थापना या प्रतिष्ठा उसके खिलाफ उठने वाले सवालों की जांच का विकल्प नहीं हो सकती।
मरांडी ने सरकार से मांग की कि कथित संपत्ति सौदे की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि इसमें इस्तेमाल धन का स्रोत क्या है और क्या इसका किसी अन्य मामले से कोई संबंध है।