Wednesday, October 7, 2026
Home » भारत-वेस्टइंडीज टी-20 से पहले रांची में कड़ा सुरक्षा घेरा, रेडिसन ब्लू से JSCA तक चप्पे-चप्पे पर नजर

भारत-वेस्टइंडीज टी-20 से पहले रांची में कड़ा सुरक्षा घेरा, रेडिसन ब्लू से JSCA तक चप्पे-चप्पे पर नजर

0 comments

धुर्वा स्थित जेएससीए स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच प्रस्तावित टी-20 मुकाबले को लेकर रांची पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। दोनों टीमों के खिलाड़ियों और अधिकारियों के रेडिसन ब्लू होटल में ठहरने को देखते हुए होटल परिसर से लेकर आसपास के इलाकों तक व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सुरक्षा बलों की तैनाती और निगरानी की विस्तृत व्यवस्था लागू की गई है।

खिलाड़ियों के पहुंचने से पहले ही संभाला मोर्चा

सुरक्षा व्यवस्था 7 अक्टूबर को दोपहर एक बजे से प्रभावी कर दी गई है। दोनों टीमों के शहर से रवाना होने तक सुरक्षा व्यवस्था लगातार जारी रहेगी। ड्यूटी को 12-12 घंटे की दो पालियों में बांटा गया है। पहली पाली सुबह 9 बजे से रात 9 बजे और दूसरी रात 9 बजे से सुबह 9 बजे तक रहेगी।पूरे सुरक्षा ऑपरेशन की निगरानी डीएसपी स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। इनमें जेएपी-1 के डीएसपी मनोज कुमार-3 और नूर मुस्तफा अंसारी प्रमुख रूप से शामिल हैं।

होटल से आसपास की इमारतों तक निगरानी

सुरक्षा प्लान में होटल के प्रवेश और निकास द्वार के अलावा लॉबी तथा प्रत्येक संवेदनशील हिस्से को शामिल किया गया है। होटल के आसपास मौजूद ऊंची इमारतों पर भी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि दूर से भी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

कडरू और मेन रोड की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। किसी भी संभावित खतरे से तत्काल निपटने के लिए बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड (बीडीडीएस), एचआईटी टीम और फायर टेंडर को चौबीसों घंटे तैयार रखने का निर्देश दिया गया है.

होटल के अंदर भी रहेगी कड़ी निगरानी

सिर्फ बाहरी सुरक्षा तक व्यवस्था सीमित नहीं रहेगी। होटल के अंदर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। अलग-अलग मंजिलों पर सादे कपड़ों में अधिकारी मौजूद रहेंगे, ताकि सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के साथ अनधिकृत गतिविधियों की पहचान की जा सके।

खिलाड़ियों के साथ सेल्फी पर भी रोक

एसएसपी के आदेश में खिलाड़ियों की निजता और सुरक्षा को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। होटल में केवल अधिकृत लोगों को ही प्रवेश मिलेगा। आम लोगों को खिलाड़ियों के करीब जाने की अनुमति नहीं होगी।

ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी खिलाड़ियों के साथ सेल्फी लेने या किसी अन्य व्यक्तिगत संपर्क से बचने का निर्देश दिया गया है। पुलिस का फोकस खिलाड़ियों की सुरक्षित आवाजाही और मैच से जुड़े पूरे कार्यक्रम को बिना किसी व्यवधान के संपन्न कराने पर रहेगा।

You may also like

Leave a Comment