नामकुम थाना क्षेत्र के राजाउलातू में झारखंड राय यूनिवर्सिटी के बीटेक छात्र मनीष कुमार (पिता हुसैनी साव) का शव बुधवार को किराए के कमरे में मिला। वह हजारीबाग जिले के पेटो गांव का रहने वाला था।

जानकारी के अनुसार, मनीष पहले एक अन्य छात्र के साथ रहता था, लेकिन कुछ दिन पहले रूममेट के चले जाने के बाद वह अकेला रह रहा था। बुधवार सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर लोगों को संदेह हुआ। जांच करने पर उसका शव फंदे से लटका मिला।
सूचना पर नामकुम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। घटना की जानकारी मिलने के बाद विश्वविद्यालय परिसर और छात्र के पैतृक गांव में शोक का माहौल है।






