झारखंड के बोकारो में लापरवाही की एक दर्दनाक घटना ने साढ़े तीन साल के मासूम की जान ले ली। माराफारी थाना क्षेत्र के कर्नल मार्केट में बच्चा एक बंदूक से खेल रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जिसकी चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान शाहिल कुमार के रूप में हुई है।

परिजनों के मुताबिक, बच्चे के मामा ने उसे बंदूक दी थी। परिवार को इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसके हाथ में मौजूद हथियार असली है। खेल-खेल में अचानक गोली चलने से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही माराफारी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और हथियार को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। बच्चे के मामा की तलाश की जा रही है, जबकि हथियार के स्रोत का पता लगाने की कोशिश भी जारी है।
जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाएगी कि गोली किन परिस्थितियों में चली और बंदूक लाइसेंसी थी या अवैध। घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।






