बोकारो के चास में खुले में कचरा डंप किए जाने की समस्या एक महीने बाद भी दूर नहीं हुई है। नेशनल हाईवे-32 पर आईटीआई मोड़ के पास जगन्नाथ चौक के समीप कचरे का ढेर लगा है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी हो रही है।
करीब एक महीने पहले जिला उपायुक्त ने चास नगर निगम को खुले में कचरा डालने पर रोक लगाने और डंपिंग यार्ड को शीट से ढकने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद अब तक यार्ड को ढकने की व्यवस्था नहीं हुई है और कचरा खुले में डाला जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कचरे से दुर्गंध फैलने के साथ मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे संक्रमण और बीमारी का खतरा बना हुआ है। लोगों के मुताबिक, डंपिंग स्थल नगर निगम कार्यालय से महज 200 मीटर दूर है, फिर भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
अब सवाल है कि उपायुक्त के निर्देश पर अमल कब होगा और खुले में कचरा डालने पर रोक कब लगेगी। लोगों को जिला प्रशासन और नगर निगम की ठोस कार्रवाई का इंतजार है।