कैफे संचालक शिवा शर्मा हत्याकांड में नागपुर से गिरफ्तार श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को यूपी एसटीएफ और लखनऊ पुलिस सड़क मार्ग से लखनऊ ला रही है। बुधवार को नागपुर जिला अदालत ने तीनों को 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड दिया। करीब 920 किलोमीटर की दूरी तय करने में 15 से 18 घंटे लगने का अनुमान है।

जांच के अनुसार, 11 दिनों तक फरार रहने के दौरान श्रद्धा ने मोबाइल फोन और ऑनलाइन भुगतान से दूरी बनाए रखी। वह नकद लेनदेन करती थी और टैक्सी चालकों के हॉटस्पॉट से संपर्क साधती थी। नेपाल से आगरा और दिल्ली होते हुए वह नागपुर पहुंची, जहां एक परिचित की मदद से छिपने के लिए फ्लैट लिया था।
श्रद्धा की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर दो और कथित ऑडियो क्लिप सामने आए हैं, जिनमें वह शिवा को धमकी देती सुनाई दे रही है। लखनऊ पहुंचने के बाद पुलिस तीनों को अदालत में पेश कर आगे की हिरासत मांग सकती है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट






