साइबर अपराधियों के खिलाफ धनबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टुंडी के भालपहाड़ी गांव से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में चलाए गए साइबर शील्ड अभियान के दौरान पुलिस ने तीन लैपटॉप, 20 मोबाइल फोन, 16 एटीएम कार्ड, 23 बैंक पासबुक और 10 चेकबुक समेत कई अहम दस्तावेज जब्त किए हैं।

ग्रामीण एसपी ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि जिले में साइबर अपराध की बढ़ती शिकायतों के मद्देनजर संगठित गिरोहों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में 14 अक्टूबर को भालपहाड़ी गांव में साइबर अपराधियों के सक्रिय होने और बड़ी वारदात की तैयारी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद विशेष टीम ने छापेमारी कर पांच लोगों को पकड़ा। कार्रवाई में 17 पुलिस पदाधिकारियों के साथ 80 महिला और पुरुष पुलिसकर्मी शामिल थे।
तीन जिलों के आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भालपहाड़ी निवासी राजू कुमार मंडल, उत्तम कुमार मंडल और अजीत कुमार मंडल के अलावा देवघर के दिलीप कुमार मंडल तथा कोडरमा के उमेश कुमार राणा के रूप में हुई है। अलग-अलग जिलों के आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उनके आपसी संपर्क और संभावित साइबर नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस ने छापेमारी में चार आईफोन समेत 20 मोबाइल फोन और तीन लैपटॉप जब्त किए हैं। इसके अलावा चार पैन कार्ड, चार आधार कार्ड, 16 एटीएम कार्ड, 23 बैंक पासबुक, 10 चेकबुक, एक ई-पॉस मशीन, तीन आरसी बुक और एक ग्रीन रेमिट कार्ड भी बरामद हुआ है।
पुलिस इन उपकरणों और दस्तावेजों की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि इनका इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया गया। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और संभावित वित्तीय लेनदेन की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज
इस मामले में टुंडी थाना कांड संख्या 77/26 के तहत 15 अक्टूबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(C) व 66(D) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच के आधार पर साइबर अपराध से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।






