प्रेमी के शादी से इनकार करने पर पलामू के मनातू थाना क्षेत्र में एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। पदमा स्थित सूर्य मंदिर के पास हुई इस घटना में शनिवार के बाद रविवार को भी युवती ने वही कदम दोहराया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस की चिंता बढ़ गई।

18 वर्षीय रिंकू कुमारी का कहना है कि वह सुनील यादव से शादी करना चाहती है, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं है। इसी विवाद के बीच युवती लगातार दूसरे दिन बीएसएनएल के मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
इससे पहले शनिवार को पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारकर परिजनों को सौंपा था। हालांकि, अगले दिन वह फिर टावर पर चढ़ गई। इस बार सुनील यादव हाथ में माला लेकर मौके पर पहुंचा और उसे समझाने लगा। इसके बाद रिंकू सुरक्षित नीचे उतर आई, जिससे पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली।





