बोकारो स्टील प्लांट (BSL) में कामकाज सामान्य रूप से जारी है और सभी गेट खुले हैं। सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सभी प्रवेश द्वारों पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की है।

रविवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। सुबह 11 बजे उपायुक्त कार्यालय में हुई बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, चास एसडीओ प्रांजल ढांडा, एएसपी वेदांत शंकर सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में आम लोगों की आवाजाही सुचारु रखने, शांति व्यवस्था बनाए रखने और संयंत्र के संचालन में बाधा न आने देने पर चर्चा हुई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर धरना या प्रदर्शन के लिए सक्षम प्राधिकार से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है, ताकि जनसुरक्षा के साथ प्लांट का कामकाज निर्बाध रूप से चलता रहे।





