झारखंड में ऑनलाइन खतियान में जाति के गलत उल्लेख का मामला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तक पहुंच गया है। तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के बुंडू अंचल की छह पंचायतों के 18 गांवों के खतियान में ‘मुंडा’ के स्थान पर ‘स्वासी’ दर्ज होने की शिकायत मुंडा समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की है। प्रतिनिधिमंडल ने इस त्रुटि को सुधारने की मांग उठाई।

मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ऑनलाइन खतियान में जाति की गलत प्रविष्टि के कारण संबंधित ग्रामीणों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकारी रिकॉर्ड में ‘स्वासी’ की जगह ‘मुंडा’ दर्ज कराने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की पहल करने का आश्वासन दिया। इस दौरान तमाड़ के विधायक विकास मुंडा भी मौजूद रहे।





