झारखंड हाईकोर्ट की युवा अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध मौत के मामले में मंगलवार को सुनवाई हुई। राज्य सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। इस पर कोर्ट ने पुलिस को जांच की गुणवत्ता बनाए रखते हुए शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति रंगोन मुखोपाध्याय की पीठ में हुई। याचिकाकर्ता की ओर से हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरीय अधिवक्ता अजीत कुमार के साथ शशिकांत जायसवाल, अंशु कुमारी, विवेक कुमार और विकास कुमार ने पक्ष रखा। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 19 नवंबर की तारीख तय की है।
अनुष्का की मौत के बाद उनके परिजनों ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर घटना की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराने की मांग की थी। मामले में पुलिस की कार्रवाई के बीच उनके पति कुशाग्र उर्फ रुद्र ने सरेंडर किया था। हाईकोर्ट पहले ही राज्य सरकार से इस प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट पेश करने को कह चुका है। अब अदालत की नजर जांच की प्रगति और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी पर रहेगी।









