Home » झारखंड सरकार अब लेगी बाहरी विशेषज्ञों की मदद, 65 हजार रुपये मिलेगा मानदेय; नियुक्ति के लिए सख्त नियम तय

झारखंड सरकार अब लेगी बाहरी विशेषज्ञों की मदद, 65 हजार रुपये मिलेगा मानदेय; नियुक्ति के लिए सख्त नियम तय

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड सरकार के विभागों को अब तकनीकी और विशेष विषयों पर सलाह लेने के लिए बाहरी विशेषज्ञों की सेवाएं मिल सकेंगी। इसके लिए राज्य मंत्रिपरिषद ने 27 अक्टूबर को ‘झारखंड विशेषज्ञ समिति के गठन एवं कार्यप्रणाली नियमावली, 2026’ को मंजूरी दी है। इसके तहत शोध, योजनाओं के मूल्यांकन और प्रशासनिक सुधार जैसे कार्यों के लिए विशेषज्ञ समितियां गठित की जा सकेंगी। चयनित विशेषज्ञों को एकमुश्त 65 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा।

हालांकि, समिति बनाने के लिए विभागों को पहले यह स्पष्ट करना होगा कि संबंधित विषय पर बाहरी विशेषज्ञता की जरूरत क्यों है और उपलब्ध सरकारी संसाधनों से काम पूरा करना संभव क्यों नहीं है। इसके बाद मुख्यमंत्री की स्वीकृति लेनी होगी। प्रत्येक समिति में जरूरत के अनुसार दो से पांच सदस्य रखे जा सकेंगे।

Advertisement 2
Advertisement 2
Advertisement 3
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5

पीजी डिग्री के साथ 5 से 10 साल का अनुभव जरूरी

समिति में शिक्षाविद, शोधकर्ता, विधि विशेषज्ञ और वित्तीय व तकनीकी क्षेत्र के जानकार शामिल हो सकेंगे। इसके लिए संबंधित विषय में स्नातकोत्तर डिग्री और पांच से दस वर्ष का अनुभव अनिवार्य किया गया है। विशेषज्ञों की अधिकतम आयु सीमा 70 वर्ष निर्धारित है।

चयन के लिए विभाग एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) जारी कर आवेदन आमंत्रित करेंगे। संबंधित विभाग के सचिव की अध्यक्षता वाली चयन समिति उम्मीदवारों की योग्यता और अनुभव का आकलन करेगी।

90 अंकों के आधार पर होगा चयन

विशेषज्ञों के चयन के लिए अंक आधारित व्यवस्था बनाई गई है। इसमें शैक्षणिक योग्यता के लिए 20, कार्यानुभव के लिए 30, सरकारी संस्थाओं के साथ काम करने के अनुभव के लिए 20 और साक्षात्कार के लिए 20 अंक निर्धारित हैं। चयनित व्यक्ति को एकमुश्त 65 हजार रुपये मानदेय मिलेगा।

विशेषज्ञ समितियों की जिम्मेदारी केवल सुझाव देने तक सीमित नहीं रहेगी। उनसे विशेष विषयों पर शोध, सरकारी योजनाओं के प्रभाव का आकलन, संस्थागत व्यवस्था की समीक्षा और वित्तीय, तकनीकी व कानूनी मामलों में सलाह ली जा सकेगी।

मीडिया से दूरी और गोपनीयता की शर्त

नियमावली में विशेषज्ञों के लिए कुछ प्रतिबंध भी लगाए गए हैं। वे सरकारी कार्यों से संबंधित लेख अपने या किसी अन्य नाम से समाचार पत्रों में प्रकाशित नहीं करा सकेंगे और संबंधित विषयों पर परिचर्चाओं में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। काम के दौरान हासिल सरकारी सूचनाओं और दस्तावेजों को भी किसी बाहरी व्यक्ति या संस्था के साथ साझा करने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम, 1923 के प्रावधानों का पालन करना होगा।

नियमों के उल्लंघन या काम में गलती पाए जाने पर संबंधित विशेषज्ञ को तत्काल प्रभाव से समिति से हटाया जा सकेगा। इस व्यवस्था के जरिए सरकार विभागों को जरूरत के मुताबिक बाहरी विशेषज्ञता उपलब्ध कराने के साथ उनके कामकाज की जवाबदेही भी सुनिश्चित करना चाहती है।

You may also like

Leave a Comment