Home » JPSC संविदाकर्मी को UDC का दर्जा और 2400 ग्रेड पे नहीं, HC ने बरकरार रखा नियमितीकरण का आदेश

JPSC संविदाकर्मी को UDC का दर्जा और 2400 ग्रेड पे नहीं, HC ने बरकरार रखा नियमितीकरण का आदेश

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड हाईकोर्ट ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के संविदाकर्मी शंकर प्रसाद को अपर डिवीजन क्लर्क (UDC) का पद और 2400 रुपये ग्रेड पे देने की मांग खारिज कर दी है। अदालत ने स्पष्ट किया कि संबंधित सेवा नियमों के तहत उनका लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) के पद पर 1900 रुपये ग्रेड पे के साथ नियमितीकरण उचित है। हालांकि, पेंशन संबंधी लाभों के मामले में अदालत ने उन्हें राहत दी है। न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत ने निर्देश दिया कि इन लाभों की गणना उनकी प्रारंभिक नियुक्ति की तारीख से की जाए, न कि नियमितीकरण की तिथि से।

शंकर प्रसाद की नियुक्ति 16 दिसंबर 2004 को JPSC में टंकक (टाइपिस्ट) के पद पर संविदा के आधार पर हुई थी। उन्होंने 17 साल से अधिक समय तक आयोग में सेवाएं दीं। इससे पहले दायर एक याचिका पर 20 सितंबर 2023 को पारित आदेश के अनुपालन में आयोग ने 8 जुलाई 2024 को उनकी सेवा नियमित की। हालांकि, उन्हें LDC के पद पर पे लेवल-2 और 1900 रुपये ग्रेड पे के साथ नियमित किया गया।

Advertisement 2
Advertisement 2
Advertisement 3
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5
Advertisement 5

इस आदेश से असंतुष्ट शंकर प्रसाद ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने मांग की थी कि उनकी सेवा 16 दिसंबर 2004 से ही UDC के पद पर नियमित मानी जाए और उन्हें 2400 रुपये ग्रेड पे का लाभ दिया जाए। इसके आधार पर वेतन निर्धारण, वरीयता, प्रोन्नति, MACP और बकाया भुगतान की भी मांग की गई थी। उन्होंने नियमितीकरण आदेश के उस हिस्से को भी चुनौती दी थी, जिसके तहत उन्हें LDC के पद पर रखा गया था।

नियमों के आधार पर अदालत ने खारिज की मांग

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार और JPSC की ओर से दलील दी गई कि शंकर प्रसाद का नियमितीकरण झारखंड सचिवालय लिपिकीय सेवा नियमावली, 2010 और नियमितीकरण नियमावली, 2015 के प्रावधानों के अनुरूप किया गया है।

सरकार की ओर से बताया गया कि वर्ष 2010 की नियमावली के खंड-12 में UDC के पद को प्रोन्नति का पद निर्धारित किया गया है। इस पर नियुक्ति संपुष्ट LDC संवर्ग के कर्मचारियों की वरीयता-सह-योग्यता के आधार पर और निर्धारित सेवा अवधि पूरी होने के बाद की जाती है। वहीं, वर्ष 2015 की नियमितीकरण नियमावली के खंड-3(VII) के अनुसार, नियमितीकरण का लाभ नियमित नियुक्ति की तारीख से ही प्रभावी होता है।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने माना कि शंकर प्रसाद को LDC के पद पर नियमित करने में नियमों का उल्लंघन नहीं हुआ है। ऐसे में उन्हें UDC का दर्जा देने और ग्रेड पे 1900 से बढ़ाकर 2400 रुपये करने का कोई आधार नहीं बनता।

पेंशन लाभों की गणना में मिली राहत

अदालत ने नियमितीकरण के आदेश को बरकरार रखते हुए पेंशन संबंधी लाभों पर अलग निर्देश दिया। कोर्ट के मुताबिक, लागू नियमों के तहत शंकर प्रसाद के पेंशन लाभों की गणना और निर्धारण उनकी शुरुआती नियुक्ति यानी 16 दिसंबर 2004 से किया जाना चाहिए। इसके लिए 8 जुलाई 2024 को हुए नियमितीकरण को आधार नहीं बनाया जाएगा।

इस निर्देश के साथ अदालत ने शंकर प्रसाद की याचिका खारिज कर दी। मामले में लंबित हस्तक्षेप याचिकाओं का भी निपटारा कर दिया गया। हालांकि, अदालत ने किसी पक्ष पर मुकदमे का खर्च लगाने का आदेश नहीं दिया।

You may also like

Leave a Comment