धनबाद रेल मंडल के जामताड़ा स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ट्रेनों और स्टेशन परिसर में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान जनशताब्दी एक्सप्रेस की एसएलआर (लगेज) बोगी में बिना अनुमति यात्रा कर रहे दो यात्रियों को पकड़ा गया। वहीं, एक अन्य यात्री जवानों को चकमा देकर भाग निकला।

दरअसल, जामताड़ा आरपीएफ को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग ट्रेनों की लगेज और एसी बोगियों में अनधिकृत रूप से सफर कर रहे हैं। इन शिकायतों के आधार पर जवानों ने ट्रेनों की जांच तेज कर दी है। इसी क्रम में जनशताब्दी एक्सप्रेस के जामताड़ा पहुंचने पर इंजन के ठीक पीछे लगी एसएलआर बोगी की तलाशी ली गई। यहां दो यात्री नियमों के विरुद्ध सफर करते मिले। दोनों से निर्धारित जुर्माना वसूलने और दोबारा ऐसा नहीं करने की चेतावनी देने के बाद छोड़ दिया गया।
पकड़े जाने के डर से बाथरूम में छिपा यात्री
जांच के दौरान एक अन्य यात्री ने आरपीएफ जवानों को देखकर एसी कोच के बाथरूम में छिपने की कोशिश की। हालांकि, जवानों ने उसे बाहर निकालकर पकड़ लिया। इसके अलावा स्टेशन परिसर में सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पांच लोगों को पकड़ा गया। रेलवे नियमों के तहत प्रत्येक व्यक्ति से 200 रुपये के हिसाब से कुल 1,000 रुपये जुर्माना वसूला गया।
आरपीएफ कर्मियों के अनुसार, ट्रेनों और रेलवे परिसर में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ नियमों का पालन कराना अभियान का उद्देश्य है। अनधिकृत रूप से कोच में सफर करने और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से निर्धारित नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है।








