प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियों को प्रभावित करने के नाम पर करीब 6 करोड़ रुपये के कथित लेन-देन से जुड़े मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान कई अहम निर्देश जारी किए हैं। सुखदेवनगर थाना में दर्ज FIR से संबंधित इस प्रकरण में ED ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग की है। हालांकि, राज्य सरकार ने इस मांग पर विचार से पहले ED की याचिका की कानूनी वैधता और उसे दायर करने के अधिकार पर आपत्ति जताई है।

शुक्रवार को न्यायमूर्ति अनुभा रावत चौधरी की एकलपीठ में मामले की सुनवाई हुई। अदालत ने दोनों पक्षों को अपनी दलीलों के समर्थन में आवश्यक दस्तावेज और जवाब व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। साथ ही ED को राज्य सरकार की ओर से दाखिल काउंटर एफिडेविट में उठाई गई आपत्तियों पर अपना पक्ष रखने को कहा गया है।
अदालत ने इस मामले से जुड़े तत्कालीन एसएसपी, पंडरा ओपी के तत्कालीन थाना प्रभारी और तत्कालीन जांच अधिकारी (IO) को भी नोटिस भेजने का निर्देश दिया। इन सभी को महाधिवक्ता कार्यालय के माध्यम से नोटिस की तामील कराई जाएगी।
CBI जांच से पहले ED की याचिका पर उठे कानूनी सवाल
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने ED की याचिका की मेंटेनेबिलिटी यानी उसकी सुनवाई किए जाने की वैधानिकता पर सवाल उठाया। इसके अलावा लोकस के आधार पर भी आपत्ति दर्ज कराई गई। सरकार का पक्ष है कि पहले यह तय होना चाहिए कि ED को इस मामले में ऐसी याचिका दाखिल करने का अधिकार है या नहीं।
हाईकोर्ट ने भी स्पष्ट किया कि जांच CBI को सौंपने की मांग पर आगे बढ़ने से पहले याचिका की कानूनी स्वीकार्यता से जुड़े सवालों का निपटारा किया जाएगा। इसके लिए ED को लिखित बहस भी दाखिल करनी होगी। अदालत ने सभी पक्षों को अपनी ओर से जरूरी कानूनी दस्तावेज और जवाब पूरा करने का निर्देश दिया है।
पुलिस जांच और न्यायिक कार्यवाही पर पहले से रोक
करीब 6 करोड़ रुपये के कथित लेन-देन से जुड़े इस मामले में पुलिस की जांच के साथ संबंधित न्यायिक कार्यवाही पर भी पहले से अंतरिम रोक लगी हुई है। ED ने पूरे प्रकरण की जांच राज्य पुलिस के बजाय CBI से कराने की मांग करते हुए हाईकोर्ट का रुख किया है।
शुक्रवार की सुनवाई में ED की ओर से ASGI अधिवक्ता एसवी राजू, वरीय अधिवक्ता अमित कुमार दास और अधिवक्ता सौरभ कुमार ने दलीलें पेश कीं। वहीं, राज्य सरकार की तरफ से वरीय अधिवक्ता मीनाक्षी अरोड़ा और अधिवक्ता वैभव गहलोत अदालत में उपस्थित हुए।
अब इस मामले में अगली सुनवाई 7 दिसंबर को निर्धारित की गई है।








