हैदराबाद: अत्तापुर के ऐतिहासिक रामबाग क्षेत्र में विजयादशमी का पर्व धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक उत्साह के बीच मनाया गया। मंगलवार शाम रामबाग मैदान में आयोजित कार्यक्रमों में स्थानीय लोगों के साथ आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया।

पर्व की शुरुआत रामबाग स्थित राम मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुई। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम और मां दुर्गा की आराधना की। इसके अलावा, तेलंगाना की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप शमी वृक्ष की पूजा यानी जम्मी चेट्टू पूजा की गई। लोगों ने एक-दूसरे को अलाई-बलाई की परंपरा के तहत दशहरे की शुभकामनाएं भी दीं।
शाम को रामबाग मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। उत्सव का प्रमुख आकर्षण विशाल रावण के पुतले का दहन रहा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। जय श्रीराम के जयघोष और आतिशबाजी के बीच संपन्न हुए इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र को उत्सवी माहौल से भर दिया।
दशहरा समारोह को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय प्रशासन और अत्तापुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन के भी विशेष इंतजाम किए थे।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट






