पलामू जिले में भारी बारिश की मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए पलामू जिला प्रशासन ने स्कूलों को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। 3 सितंबर 2026 को जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों में KG से लेकर 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई स्थगित रहेगी।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने पलामू में 3 सितंबर को भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन के अनुसार लगातार बारिश के कारण जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्कूल परिसरों में जलभराव तथा सड़कों पर आवागमन प्रभावित होने की सूचना मिली है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत आदेश
पलामू उपायुक्त की ओर से जारी आदेश में आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 का हवाला देते हुए 3 सितंबर को शैक्षणिक गतिविधियां बंद रखने का निर्देश दिया गया है। यह आदेश जिले के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा।

हालांकि, स्कूलों के शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारी इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद रहेंगे। उन्हें नियमित रूप से विद्यालय पहुंचकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा।
2 सितंबर को जारी हुआ आदेश
जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय ने उपायुक्त के अनुमोदन के बाद 2 सितंबर 2026 को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया। प्रशासन ने संबंधित स्कूलों और अधिकारियों को आदेश की जानकारी उपलब्ध करा दी है।
जिला प्रशासन का कहना है कि खराब मौसम के बीच विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में होने वाली संभावित परेशानी और जोखिम को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।