Wednesday, October 7, 2026
Home » धनबाद : करोड़ों के सरकारी टेंडर को लेकर भवन प्रमंडल कार्यालय में बवाल, ठेकेदारों के गुट भिड़े

धनबाद : करोड़ों के सरकारी टेंडर को लेकर भवन प्रमंडल कार्यालय में बवाल, ठेकेदारों के गुट भिड़े

by उर्वशी शेखर
0 comments

धनबाद जिले के भवन प्रमंडल कार्यालय परिसर में सरकारी योजनाओं के करोड़ों रुपये के टेंडर को लेकर मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। टेंडर प्रक्रिया के दौरान ठेकेदारों और उनके समर्थकों के बीच शुरू हुई बहस देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने से कार्यालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

बताया जा रहा है कि भवन प्रमंडल विभाग की ओर से विभिन्न विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये के टेंडर आमंत्रित किए गए थे। इसी प्रक्रिया के दौरान कमीशन (पेटी) और वर्चस्व को लेकर दो गुटों में विवाद शुरू हुआ। पहले तीखी नोकझोंक हुई और इसके बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे के साथ मारपीट की।

घटना के समय कार्यालय में आम लोगों के अलावा विभागीय अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे। अचानक हुए विवाद के कारण कार्यालय परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

हंगामे की सूचना मिलने के बाद धनबाद थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और मारपीट में कथित रूप से शामिल कई लोगों को मौके से हिरासत में ले लिया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर पूरे विवाद की वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही भवन प्रमंडल कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है।

पुलिस का प्रयास है कि फुटेज के आधार पर मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जाए और घटना की पूरी कड़ी स्पष्ट की जा सके। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

You may also like

Leave a Comment