लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना चंदवा क्षेत्र के हिसरी गांव के पास हुई, जहां अमूल दूध लेकर जा रही टाटा मैजिक और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में बाइक सवार प्रदीप उरांव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी अश्रिता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

बताया जा रहा है कि प्रदीप उरांव और उनकी पत्नी अश्रिता देवी हिसरी गांव के रहने वाले थे। दोनों कर्मा पर्व के अवसर पर अपने बच्चों को लाने के लिए बाइक से कुड़ू जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक की दूध लदी टाटा मैजिक से टक्कर हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और शोक का माहौल है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों और दोनों वाहनों की स्थिति की जांच की जा रही है।