तमाड़ थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात करीब दो बजे तीन ट्रकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दो ट्रकों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनके चालक अंदर फंस गए। रेस्क्यू टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद दोनों चालकों को बाहर निकाला।
बताया गया कि एक ट्रक जमशेदपुर से रांची की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के तुरंत बाद तीसरा ट्रक भी दूसरे वाहन से जा टकराया। लगातार हुई भिड़ंत में दूसरे और तीसरे ट्रक के आगे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दोनों चालक अपने-अपने केबिन में फंस गए थे। सूचना मिलने के बाद तमाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय स्तर पर बचाव अभियान शुरू कराया।

काफी प्रयास के बाद एक चालक को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाल लिया गया। हादसे में उसके पैर में गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है। प्राथमिक उपचार के लिए उसे तमाड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
वहीं, दूसरे चालक को निकालने में बचाव दल को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। वह करीब छह घंटे तक ट्रक के मलबे के बीच फंसा रहा। लगातार प्रयास के बाद सुबह करीब 8 बजे उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
दुर्घटना के चलते हाईवे पर कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके की स्थिति संभालते हुए दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।