भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर क्रिकेटप्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। मैच के टिकट खरीदने का मंगलवार, 6 अक्टूबर को अंतिम अवसर है। जेएससीए स्टेडियम के टिकट काउंटर सुबह से शाम 4 बजे तक खुले रहेंगे। सभी निर्धारित श्रेणियों के टिकट काउंटर से उपलब्ध कराए जाएंगे।
सोमवार को टिकट लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम पहुंचे। इस दौरान ऑफलाइन बिक्री में 4011 टिकट बिके। वहीं, ऑनलाइन बिक्री के लिए निर्धारित टिकटों का कोटा महज 17 मिनट में समाप्त हो गया। इसे देखते हुए मंगलवार को भी काउंटरों पर भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।
सभी श्रेणियों के टिकट उपलब्ध
जेएससीए के उपाध्यक्ष संजय पांडेय के अनुसार, मंगलवार को दर्शकों को अलग-अलग श्रेणियों के टिकट खरीदने का मौका मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस बार ऑनलाइन टिकटों की संख्या पहले के मुकाबले कम रखी गई थी। यह व्यवस्था फिलहाल परीक्षण के तौर पर लागू की गई है। मंगलवार को टिकट बिक्री पूरी होने के साथ ही इस मुकाबले के लिए टिकट वितरण की प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी।

सोमवार को टिकट खरीदने पहुंचे क्रिकेटप्रेमियों को काफी देर तक कतार में खड़ा रहना पड़ा। कई लोगों ने करीब 10 घंटे तक इंतजार किया। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए पुलिस ने स्टेडियम परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी। भीड़ को नियंत्रित करने और कतार में व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी लगातार तैनात रहे।
दिव्यांग दर्शकों के लिए अलग व्यवस्था
जेएससीए स्टेडियम में दिव्यांग क्रिकेटप्रेमियों के लिए अलग कतार बनाई गई थी। इसका उद्देश्य उन्हें बिना परेशानी टिकट उपलब्ध कराना था। भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले को लेकर रांची में क्रिकेट का माहौल लगातार गरमाता जा रहा है और अंतिम दिन टिकट के लिए भी बड़ी संख्या में प्रशंसकों के पहुंचने की संभावना है।