रांची के JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले को लेकर पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। स्टेडियम और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के साथ भीड़ प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सोमवार से टिकटों की बिक्री शुरू होगी। काउंटरों पर संभावित भीड़ को देखते हुए बैरिकेडिंग की गई है और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, ताकि टिकट बिक्री के दौरान व्यवस्था बनी रहे।
कालाबाजारी पर सादे कपड़ों में नजर
टिकटों की अवैध बिक्री रोकने के लिए पुलिस की विशेष टीमें सादे कपड़ों में तैनात रहेंगी। काउंटरों और स्टेडियम के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। कालाबाजारी करते पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई होगी।

फर्जी टिकट के नाम पर साइबर ठगी से सावधान
टिकटों की मांग बढ़ने के साथ ऑनलाइन ठगी का खतरा भी बढ़ गया है। फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया पोस्ट और संदिग्ध लिंक के जरिए नकली टिकट बेचने की कोशिश हो सकती है। JSCA और पुलिस ने दर्शकों से केवल अधिकृत काउंटर या आधिकारिक ऑनलाइन माध्यम से टिकट लेने की अपील की है।
पुलिस का फोकस मैच से पहले भीड़ नियंत्रण, टिकटों की अवैध बिक्री पर रोक और साइबर धोखाधड़ी से दर्शकों को सुरक्षित रखने पर रहेगा।