दुर्गा पूजा के दौरान नगर निगम ने श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। 16 अक्टूबर से पांच रूटों पर सिटी बसें मुफ्त चलेंगी। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 10 आश्रयगृहों में निःशुल्क ठहरने की सुविधा होगी। सार्वजनिक शौचालय 24 घंटे खुले और मुफ्त रहेंगे।

इन 5 रूटों पर मुफ्त चलेंगी सिटी बसें
– गोंदलीपोखर से रांची
– तुपुदाना से रांची
– कांके से रांची
– ओरमांझी से रांची
– पंडरा रोड से रिंग रोड
मुफ्त बस सेवा से यात्रा खर्च और सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। साथ ही, दूरदराज से आने वाले श्रद्धालु 10 आश्रयगृहों में मुफ्त ठहर सकेंगे। सुलभ शौचालय 24 घंटे निःशुल्क उपलब्ध रहेंगे।
शिकायतों के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन
रांची नगर निगम का कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा। पेयजल, खराब स्ट्रीट लाइट, गंदगी और अन्य समस्याओं की शिकायत 18005701235 पर दर्ज कराई जा सकती है। वहीं, 175 पूजा पंडालों के आसपास 1,200 सफाईकर्मी तैनात किए जाएंगे। प्रत्येक पंडाल के लिए अलग टीम सफाई व्यवस्था संभालेगी।






