Home » वोटर लिस्ट में नाम है या नहीं? ECINET ऐप से ऐसे चेक करें BLO का नंबर

वोटर लिस्ट में नाम है या नहीं? ECINET ऐप से ऐसे चेक करें BLO का नंबर

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के बीच निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से अपने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के संपर्क में रहने की अपील की है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से लेकर व्यक्तिगत विवरणों में सुधार तक, पूरी प्रक्रिया में बीएलओ की भूमिका अहम है। ऐसे में मतदाताओं को बीएलओ की कॉल पहचानने और जरूरत पड़ने पर उनसे सीधे संपर्क करने की व्यवस्था करनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर परिवार के सदस्यों के मतदाता विवरणों का सत्यापन कर रहे हैं। इस दौरान यह जांच की जा रही है कि सभी पात्र भारतीय नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल हैं या नहीं। घर पर मतदाता के नहीं मिलने की स्थिति में बीएलओ फोन के जरिए भी संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं।

Advertisement 1
Advertisement 2
Advertisement 3
Advertisement 4
Advertisement 5
Advertisement 5

अपरिचित नंबर से आने वाली कॉल बन रही बाधा

निर्वाचन विभाग के अनुसार, कई बार अनजान मोबाइल नंबरों से कॉल आने के कारण लोग फोन नहीं उठाते। इससे बीएलओ और मतदाताओं के बीच जरूरी बातचीत नहीं हो पाती, जिसका असर मतदाता विवरणों के सत्यापन और उन्हें अपडेट करने की प्रक्रिया पर पड़ सकता है।इस समस्या से बचने के लिए के. रवि कुमार ने मतदाताओं को सलाह दी है कि वे अपने संबंधित बीएलओ का मोबाइल नंबर पहले ही प्राप्त कर लें और उसे फोन में सेव करके रखें।

ECINET ऐप से ऐसे प्राप्त करें BLO का नंबर

मतदाता ECINET ऐप के जरिए अपने क्षेत्र के बीएलओ की संपर्क जानकारी हासिल कर सकते हैं। इसके लिए ऐप खोलकर बीएलओ से संपर्क करने का विकल्प चुनना होगा। इसके बाद संबंधित विधानसभा क्षेत्र और मतदान केंद्र की जानकारी दर्ज करने पर बीएलओ का मोबाइल नंबर प्राप्त किया जा सकता है।

इसके अलावा, ऐप में उपलब्ध ‘Book A Call with BLO’ सुविधा के माध्यम से भी संबंधित अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है। इससे मतदाताओं को अपनी समस्याएं बताने, विवरणों में सुधार कराने और सत्यापन से जुड़ी जानकारी साझा करने में सहूलियत होगी।

BLO को भी दिए गए जरूरी निर्देश

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ को निर्देश दिया है कि घर-घर सत्यापन के दौरान प्रत्येक घर से संपर्क करने की तारीख और समय का रिकॉर्ड अपने रजिस्टर में दर्ज करें। यदि किसी घर में मतदाता नहीं मिलता या फोन करने पर जवाब नहीं मिलता, तो संबंधित व्यक्ति को व्हाट्सऐप पर संदेश भेजा जाए।उन्होंने कहा कि इस संदेश में बीएलओ अपना नाम और संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से साझा करें, ताकि मतदाता अधिकारी की पहचान कर सकें और सुविधानुसार उनसे दोबारा संपर्क कर सकें।

मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर

के. रवि कुमार ने कहा कि मतदाता सूची को सही और अद्यतन बनाए रखने के लिए निर्वाचन अधिकारियों और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने सभी पात्र भारतीय नागरिकों से अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच करने की अपील की। यदि नाम जोड़ने, पता बदलने या किसी अन्य जानकारी में संशोधन की जरूरत हो, तो संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए।

You may also like

Leave a Comment