Tuesday, October 6, 2026
Home » बेबाक पत्रकारिता के मूल मंत्र के साथ BG24 LIVE की धमाकेदार लॉन्चिंग

बेबाक पत्रकारिता के मूल मंत्र के साथ BG24 LIVE की धमाकेदार लॉन्चिंग

0 comments

झारखंड के डिजिटल मीडिया जगत में गुरुवार को एक नए समाचार मंच BG24 LIVE ने अपनी शुरुआत की। राजधानी रांची के लाइन टैंक रोड, चडरी स्थित अनिकेत मॉल में आयोजित समारोह में झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने चैनल का उद्घाटन किया। इस मौके पर राजनीति, शासन और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

उद्घाटन समारोह में ओडिशा के पूर्व राज्यपाल एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, रांची की मेयर रौशनी खलखो और सांसद महुआ मांझी ने शिरकत की।

इसके अलावा रांची विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीपी सिंह, पूर्व मंत्री व विधायक सरयू राय, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, कांके विधायक सुरेश बैठा, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो, विधायक अनूप सिंह, जयराम महतो और अमित कुमार भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। JSCA के चेयरमैन अजय नाथ शाहदेव, झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय और राजेश ठाकुर समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने भी समारोह में भाग लिया।

तकनीक के साथ जनसरोकार पर रहेगा जोर

तेजी से बदलते वैश्विक संचार परिदृश्य और डिजिटल प्लेटफॉर्म की बढ़ती भूमिका के बीच BG24 LIVE ने खुद को पारंपरिक डिजिटल समाचार प्रारूप से अलग पहचान देने का लक्ष्य रखा है। चैनल प्रबंधन के मुताबिक, आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए समाचारों की विश्वसनीयता, निष्पक्ष प्रस्तुति और सामाजिक सरोकार को प्राथमिकता दी जाएगी।

चैनल का फोकस केवल सत्ता और बड़े राजनीतिक घटनाक्रमों तक सीमित नहीं रहेगा। समाज के उन वर्गों और इलाकों से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से सामने लाने की योजना है, जिनकी आवाज अक्सर मुख्यधारा के समाचार विमर्श में पीछे छूट जाती है। आम लोगों की समस्याओं से लेकर जनहित के मुद्दों तक को मंच उपलब्ध कराना चैनल की संपादकीय प्राथमिकताओं में शामिल होगा।

सियासत से गांव-जवार तक खबरों का दायरा

BG24 LIVE राजनीति और प्रशासन से जुड़े घटनाक्रमों के साथ नौकरशाही, खेल, मनोरंजन और सामाजिक विषयों को अपने समाचार कवरेज में शामिल करेगा। इसके साथ ही ग्रामीण इलाकों और स्थानीय स्तर पर होने वाली महत्वपूर्ण गतिविधियों को भी व्यापक स्थान देने की तैयारी है।

चैनल का उद्देश्य डिजिटल माध्यम की गति का इस्तेमाल करते हुए दर्शकों तक महत्वपूर्ण सूचनाएं तेजी से पहुंचाना है, लेकिन इसके साथ खबरों की प्रामाणिकता और जनहित को बनाए रखने पर भी जोर रहेगा। बदलते डिजिटल मीडिया परिदृश्य में BG24 LIVE ने इसी संतुलन के साथ अपनी अलग पहचान स्थापित करने का लक्ष्य तय किया है।

नए डिजिटल समाचार मंच की शुरुआत के साथ झारखंड के मीडिया क्षेत्र में एक और नाम जुड़ गया है। अब BG24 LIVE के सामने चुनौती तेज रफ्तार डिजिटल प्रतिस्पर्धा के बीच विश्वसनीय खबरों और जमीनी मुद्दों के जरिए दर्शकों के बीच अपनी जगह बनाने की होगी।

You may also like

Leave a Comment