कांके रोड स्थित पुलिस लाइन में बुधवार को पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों को याद किया गया। कार्यक्रम में ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह और ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने झारखंड सहित देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए 154 पुलिस जवानों और अधिकारियों को श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान अधिकारियों ने शहीदों के अदम्य साहस और देश की सुरक्षा के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने कहा कि शहीद पुलिसकर्मियों का समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा पूरे पुलिस बल के लिए प्रेरणा है। राष्ट्र की रक्षा में उनके योगदान को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।
शहीद परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन
कार्यक्रम में शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित किया गया। राकेश सिंह ने परिवारों को भरोसा दिलाया कि रांची पुलिस हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि परिजनों को किसी भी तरह की समस्या होने पर पुलिस उनकी सहायता के लिए तत्पर रहेगी।






