दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को प्रस्तावित इंडी गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली को लेकर झारखंड में भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शुक्रवार को प्रदेश के विपक्षी दलों के प्रमुख नेता रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे और विमान से दिल्ली रवाना हुए।

दिल्ली जाने वालों में झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कांग्रेस नेता कुमार राजा और राष्ट्रीय जनता दल के सत्यानंद भोक्ता समेत अन्य नेता शामिल हैं। गठबंधन के नेता इस महारैली के जरिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी राजनीतिक एकजुटता प्रदर्शित करने की तैयारी में हैं।
चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं का मुद्दा उठाएगा गठबंधन
इंडी गठबंधन ने इस महारैली को चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित किया है। गठबंधन के नेताओं का आरोप है कि इन विषयों पर देशव्यापी चर्चा और विरोध की जरूरत है। इसी उद्देश्य से 1 नवंबर को रामलीला मैदान में बड़ी सभा आयोजित की जा रही है।
विपक्षी दलों का दावा है कि महारैली के मंच से केंद्र सरकार की नीतियों और चुनावी व्यवस्था से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। झारखंड से नेताओं की भागीदारी को भी गठबंधन की राष्ट्रीय रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। अब दिल्ली में होने वाली इस महारैली पर राजनीतिक दलों के साथ-साथ सबकी नजरें टिकी हैं।






