करवा चौथ के दिन जहां महिलाएं पति की लंबी उम्र के लिए चांद निकलने का इंतजार कर रही थीं, वहीं उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक परिवार का विवाद चर्चा का विषय बन गया। यहां एक ही युवक की तीन पत्नियों के बीच पहले पति की पूजा करने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला पुलिस तक पहुंच गया। तीनों महिलाओं के बीच पहले घर और फिर सड़क पर काफी देर तक कहासुनी और हंगामा हुआ। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप और आपसी बातचीत के बाद मामला शांत हुआ।

मामला कानपुर के बिठूर क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, करवा चौथ पर युवक की तीनों पत्नियों ने उसके लिए व्रत रखा था। त्योहार के दिन तीनों महिलाएं एक ही घर में पहुंच गईं। इसी दौरान पति की पूजा सबसे पहले कौन करेगी, इस बात पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ा कि परिवार के लोग मंधना थाने पहुंच गए।
पहली पत्नी ने ही कराई थी पति की दूसरी शादी
बताया जाता है कि युवक की पहली शादी के कई साल बाद भी कोई संतान नहीं हुई थी। इसके बाद पहली पत्नी ने अपनी सहेली से ही पति की दूसरी शादी करवा दी। दूसरी पत्नी से युवक को एक बेटी हुई। इसी बीच युवक ने तीसरी शादी भी कर ली। इस तरह परिवार में तीन पत्नियां हो गईं।
थाने के बाहर भी जारी रहा हंगामा
करवा चौथ के दिन तीसरी पत्नी ने पति की पूजा पहले करने की इच्छा जताई। इसी बात पर बाकी दोनों पत्नियों के साथ उसका विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर दो पत्नियां पुलिस चौकी पहुंचीं, जबकि तीसरी बाहर ही खड़ी रही। पुलिस ने बीच-बचाव कर विवाद सुलझाने की कोशिश की। हालांकि, चौकी से बाहर निकलने के बाद भी तीनों के बीच फिर बहस शुरू हो गई।
काफी देर तक चले इस घटनाक्रम के बाद तीनों महिलाओं ने आपस में सहमति बना ली। उन्होंने साथ में व्रत रखने और पूजा करने का फैसला किया और फिर अपने घर लौट गईं। हालांकि, इस पूरे विवाद को लेकर पुलिस और परिवार की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट









